महिला हेल्पलाईन के सार्थक परिणाम: डीजीपी

Spread the love

चण्डीगढ़, 21 जनवरी। हरियाणा पुलिस द्वारा महिलाओं को जागरूक करने व अपराध की सूचना तुरंत दर्ज करवाने के लिए के संचालित महिला हेल्पलाईन के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। गत वर्ष के दौरान महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 पर मिली 77,000  शिकायतों में से 1872 को एफआईआर में बदला गया।
पुलिस महानिदेशक हरियाणा श्री पी.के. अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हेल्पलाइन पर तैनात प्रशिक्षित महिला पुलिस कर्मी राज्य में रहने वाली महिलाओं की न केवल सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं, बल्कि, काम करने और आने-जाने वाली महिलाओं में साहस और आत्मविश्वास भी पैदा कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि उक्त अवधि के दौरान दुर्गा शक्ति ऐप से 13327 नए उपयोगकर्ता जोड़े गए। अब इनकी संख्या बढकर 2.31 लाख से अधिक हो गई। दुर्गा शक्ति मोबाइल ऐप पर भी महिलाओं का भरोसा बढ़ा है। इस एप के माध्यम से मिली शिकायतों पर पुलिस ने 48 एफआईआर दर्ज की और 34 का निपटारा किया तथा अब तक 1583 मामलों को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा के लिए अपराधियों को पकड़ने व उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने हेतू जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि पहले अधिकांश महिलाएं अपने खिलाफ होने वाले अपराधों की रिपोर्ट दर्ज करवाने में संकोच करती थीं, लेकिन हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान से महिलाओं के खिलाफ अपराध की रिर्पोटिंग में भी वृद्धि हुई है।
अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने गत माह के दौरान साइकिल अभियान व जागृति यात्रा’ जैसी कई अनुकरणीय सामाजिक पहल शुरू की हैं। महिला साइकिल चालकों की टीम ने राज्य भर के 23 पुलिस थानों की 1400 किलोमीटर की दूरी तय कर महिलाओं में चेतना लाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि पुलिस महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इसी सोच की तर्ज पर हर संभव आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।“
कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए उपलब्ध ऑनलाइन मॉड्यूल आईटीएसएसओ डैशबोर्ड पर भी हरियाणा पुलिस का अच्छा प्रदर्शन रहा है। यह आईटीएसओ विशेषकर बलात्कार के मामलों में राज्य पुलिस को जांच पूरी करने के लिए मोनिटरिंग और प्रबंधन की इजाजत देता है। वर्तमान में हरियाणा पुलिस 56.7 प्रतिशत अनुपालना दर के साथ भारत में छठे स्थान पर है।
महिलाओं के खिलाफ अपराध की रिपोर्टिंग को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए राज्य भर में महिला पुलिस स्टेशन सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। महिलाओं में आत्मविश्वास की भावना पैदा कर प्रोत्साहित करने और उन्हें बिना किसी भय के अपराध की तुरंत रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए विभिन्न पुलिस थानों में 239 महिला सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *