चण्डीगढ़, 16 जनवरी। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित 75 करोड़ सूर्य नमस्कार अवसर की श्रृंखला में आज से. 16-17 के अंडरपास पर तथा बोटैनिकल गार्डन में सूर्य नमस्कार अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हाल ही में बनाए गए योग अंबेसडर खिलाडियों के साथ-साथ चण्डीगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के चेयरमैन रोहित तथा मीनाक्षी ठाकुर शामिल रहे। इन सभी का हौसला बढ़ाने के लिए चण्डीगढ़ जिला शिक्षा विभाग की ओर से नियुक्त किए गए कोऑर्डिनेटर जितेंद्र सिंह भी सूर्य नमस्कार करते हुए नजर आए।
विभिन्न चरणों में आज सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन और अभ्यास करते हुए वर्चुअली समस्त स्कूलों तथा संस्थाओं में इसका प्रचार और प्रसार किया गया। आजादी का अमृत महोत्सव मनाते हुए चंडीगढ़ के विभिन्न विद्यालयों ने स्वतंत्रता की 75 की वर्षगांठ के उपलक्ष में मना रहे 75 करोड़ सूर्य नमस्कार के प्रकल्प से जुड़कर अपना उत्साह दिखाया है। अभी तक की देखी गई रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में नेशनल योगासन स्पोर्ट्स फेडरेशन के अनुसार चंडीगढ़ के केबीडीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल सेक्टर-7 ने अपने समस्त विद्यार्थियों और शिक्षकों को रजिस्टर्ड करवा कर अपने उत्साह का प्रदर्शन किया है। स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती पूजा प्रकाश ने इस प्रकल्प में अपनी सक्रिय प्रतिभागिता हेतु वचनबद्धता दिखाई है तथा उन्हीं के स्कूल के विभिन्न शारीरिक शिक्षकों के साथ सहयोग करते हुए खुशहाल सिंह ने इस कार्य में अत्यंत महत्वपूर्ण सेतु का कार्य किया है।
चण्डीगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के द्वारा आने वाले दिनों में इसी प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करने हेतु वचनबद्धता दिखाई तथा चंडीगढ़ के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में इसका प्रचार और प्रसार बेहतर तरीके से करने के लिए योजना बनाई जिसमें नियमित तौर पर इस प्रकार का आयोजन शहर के विभिन्न स्थानों तथा संस्थाओं पर होता रहेगा, जिससे लोगों में सूर्य नमस्कार के प्रति लगाव और अपने शरीर को तंदुरुस्त रखने के विकल्प से जुड़ने का मौका मिलेगा।
चण्डीगढ़ जिला शिक्षा विभाग के एईओ बलविंदर सिंह ने बताया कि हर एक विद्यार्थी को सूर्य नमस्कार अपने जीवन में अपनाना चाहिए। सूर्य नमस्कार 12 चरणों का एक अभ्यास है जिसे करने से समस्त शरीर और मन में समन्वय पैदा होता है। साथ ही साथ आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है, जिससे व्यक्ति हर प्रकार की व्याधि और तनाव से लड़ते हुए शांत मन से अपना ध्यान एकाग्र सकता है। जितेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि को बढ़ाने तथा मन की चंचलता को दूर करने के लिए योग में सूर्य नमस्कार का बहुत महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है यदि बच्चे इसे नियमित तौर पर करते रहे तो उन्हें अपने जीवन में किसी भी प्रकार के तनाव से मुक्त रहने के अवसर खुद ब खुद बन जाते हैं तथा मन की चंचलता भी अपने आप समाप्त होने लगती है।
